टीबी उन्मूलन अभियान ग्राम सारधा में आयुष्मान आरोग्य शिविर का हुआ आयोजन

मुंगेली, 02 अप्रैल 2026/sns/- प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विकासखंड लोरमी के ग्राम सारधा में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ टीबी रोग की पहचान हेतु एक्स-रे एवं स्क्रीनिंग जांच की गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि 24 मार्च से जिले के 149 हाई रिस्क गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन प्रारंभ किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से टीबी के लक्षणों की पहचान कर बलगम जांच और पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से स्क्रीनिंग की जा रही है।
जिला टीबी अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जिले को तीन हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में एक मशीन विकासखंड लोरमी में कार्यरत है, जबकि अन्य मशीनें लाइसेंस प्राप्त होने के बाद पथरिया एवं मुंगेली विकासखंड में भी सेवाएं देंगी। शिविर में विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, डायबिटीज से पीड़ित, धूम्रपान करने वाले, टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले तथा कुपोषित व्यक्तियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच की गई। उन्होंने कहा कि इस पहल से लक्षण रहित टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान संभव होगी, जिससे समय पर उपचार देकर जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी लोरमी डॉ. जी.एस. ठाकुर, अभिषेक तिवारी, शैलेन्द्र पांडे, अमित सिंह एवं धीरज रात्रे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *