विश्व स्वास्थ्य दिवस विधिक जागरूकता शिविर व रैली का हुआ आयोजन

मुंगेली, 07 अप्रैल 2026/sns/- विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय मुंगेली में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता शिविर एवं रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन सालसा प्लान ऑफ एक्शन के तहत् जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर न्यायालय के विभिन्न न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पैरालीगल वालिंटियर्स एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कंचन लता आचला ने मिशन अस्पताल मुंगेली के नर्सिंग छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए तनावमुक्त जीवन जीने के उपाय बताए। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जैसे बीपी, शुगर जांच एवं समय-समय पर मेडिकल चेकअप कराने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
वहीं जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों डॉ. संजय ओबेरॉय, डॉ. तुलेस कुमार, डॉ. जित्तू साहू एवं परामर्शदाता दिलीप कुमार बसंत ने अनियमित जीवनशैली और कार्य के दबाव के कारण बढ़ते मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है, जिससे बचाव के लिए नियमित योग, ध्यान एवं व्यायाम अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित जांच कराने का संदेश दिया।

About The Author