12वीं हिंदी विषय की पुनः परीक्षा 10 अप्रैल को, 66 केंद्रों में होगी आयोजित
मुंगेली, 07 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिले में कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के बाद पुनः आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह परीक्षा आगामी 10 अप्रैल को जिले के 66 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी श्री मायानंद चंद्रा ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों के रोल नंबर एवं परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है। सभी विद्यार्थी पूर्व निर्धारित रोल नंबर और परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रशासन द्वारा परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे परीक्षा का संचालन व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से हो सके।