अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थियों के लिए उत्कर्ष योजना, प्रारूप जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल

मोहला, 07 अप्रैल 2026/sns/-अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) संचालित की जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर करियर चयन के लिए प्रेरित करना, उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाना तथा उनके बहुमुखी व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है।
योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क अध्ययन की सुविधा प्रदान की जाती है। इन विद्यालयों के लिए विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क की प्रतिपूर्ति की जाती है। जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार का आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
इच्छुक संस्थाओं को “रूचि की अभिव्यक्ति” के प्रारूप में प्रस्ताव तैयार कर संबंधित जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026 को अपरान्ह 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है। योजना से संबंधित मापदंड एवं विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.tribal.cg.gov.in पर उपलब्ध है।  इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

About The Author