मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज
मुंगेली, 08 मई 2026/sns/- जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के 10 मई 2026 को प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग, यातायात व्यवस्था, कानून व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, ग्रीन रूम, मुख्य मंच, बेरिकेडिंग एवं आमजन की सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की सतत मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने यातायात व्यस्था एवं बेहतर रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।