अंबागढ़ चौकी में जनसमस्या निवारण शिविर 221 आवेदन प्राप्त
मोहला, 08 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार 2026 के तहत 7 मई को नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के मंगल भवन में शहरी क्षेत्र के वार्डवासियों के लिए जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक 01, 02, 03, 04 एवं 15 के बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और अपनी मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की। शिविर में कुल 221 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 177 मांग संबंधी तथा 44 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। सुशासन तिहार के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं एवं मांगों के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, विद्युत विभाग, सहकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग, मत्स्य विभाग तथा खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान 17 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण, स्वीकृति आदेश एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया। शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अनिल मानिकपुरी, पार्षद श्री काशीराम निषाद, पार्षद श्री सुरेश नेताम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, जनप्रतिनिधि श्री गुलाब गोस्वामी, श्री आशीष द्विवेदी, श्री विनोद डहरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।