सेवा सेतु केंद्रों से नागरिकों को मिलें सुगम और त्वरित सेवाएं, प्रबंधकों को दिया प्रशिक्षण
बिलासपुर, 23 अक्टूबर 2026/sns/- जिले के नागरिकों को सेवासेतु पोर्टल के माध्यम से सरल, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सेवासेतु केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी बिलासपुर द्वारा खारंग जल संसाधन विभाग परिसर स्थित प्रार्थना सभा कक्ष में सेवासेतु केंद्र प्रबंधकों की समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें नगर निगम क्षेत्र एवं सभी विकासखंडों के केंद्र प्रबंधकों के साथ राजस्व विभाग के तहसीलदार, रीडर और भू-अभिलेख शाखा के कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण में केंद्रों के माध्यम से किए जा रहे ऑनलाइन आवेदनों तथा अपूर्ण आवेदनों को सुधार के लिए वापस भेजने और निरस्त किए जाने के कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रबंधकों को विभिन्न सेवाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों, आवेदन प्रक्रिया और पोर्टल पर उपलब्ध नई सेवाओं की जानकारी दी गई। केंद्र प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि आवेदन ऑनलाइन दर्ज करने से पहले संबंधित सेवा के लिए निर्धारित आवश्यक दस्तावेजों की सूची से मिलान अवश्य करें। पूर्ण और सही दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत होने से त्रुटियों के कारण आवेदन वापस होने की स्थिति कम होगी और नागरिकों को सेवाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। समीक्षा बैठक में सभी कॉमन सर्विस सेंटर एवं सेवासेतु केंद्रों पर राज्य कार्यालय से प्राप्त निर्धारित प्रारूप के फ्लेक्स एवं होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए गए। सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क की सूची भी प्रत्येक केंद्र पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया, ताकि नागरिकों को शुल्क की सही जानकारी मिल सके। साथ ही केंद्रों में हितग्राहियों के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की 900 से अधिक सेवाएं नागरिकों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 125 से अधिक सेवाएं सीधे पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इन सेवाओं का लाभ नागरिकों तक सुगमता से पहुंचाने के लिए जिले में केंद्र प्रबंधकों का प्रशिक्षण एवं कार्यों की समीक्षा निरंतर की जा रही है।