ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने लग रहा शिविर
सुकमा, 09 मई 2026/sns/- सुकमा जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्रशासन द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने हेतु व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में शिविर लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इन शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जॉब कार्ड तथा जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीकरण जैसे आवश्यक कार्यों का मौके पर ही त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।
शिविरों के माध्यम से बिजली, ट्रांसफार्मर सुधार, हैंडपंप मरम्मत, मनरेगा भुगतान, पेंशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं शौचालय निर्माण से जुड़े मामलों का भी तेजी से निराकरण किया जा रहा है। साथ ही पंचायत सचिवों द्वारा योजनाओं के हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक अवलोकन हेतु प्रदर्शित कर पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आई है, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है।
इसी क्रम में ग्राम चिकारास, तहसील छिंदगढ़ में आयोजित शिविर के दौरान पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत हितग्राही श्री माड़वी भीमा एवं श्री माड़वी हूंगा, निवासी राजामुंडा को 50-50 हजार रुपये की सहायता अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, सरपंच, एसडीएम श्री पी.वी. खेस, तहसीलदार श्री अम्बर गुप्ता एवं सीईओ श्री पी.के. गुप्ता उपस्थित रहे।