श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना से श्रद्धालुओं की मनोकामना हुई पूरी, अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौटे यात्री
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 26 अक्टूबर 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना जिले के श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठजनों के लिए धार्मिक आस्था और जीवन की संजोई हुई मनोकामनाओं को साकार करने का माध्यम बन रही है। योजना के अंतर्गत जिले के 30 श्रद्धालुओं ने 21 से 24 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय तीर्थ यात्रा में अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर एवं काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन किए। तीर्थ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए यात्रा की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा तीर्थ यात्रा के लिए चयनित 30 श्रद्धालुओं को कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया था। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में दर्शन-पूजन करने के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर एवं आसपास के प्रमुख धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के समन्वय से यात्रियों के लिए परिवहन, भोजन तथा मंदिर दर्शन सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। इस योजना के माध्यम से अब तक सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के 330 से अधिक नागरिकों को तीर्थ दर्शन का लाभ मिल चुका है।
कभी सोचा नहीं था कि अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा : मनोहर लाल साहू
तीर्थ यात्रा से लौटे पवनी निवासी श्री मनोहर लाल साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें रेलगाड़ी से दूसरे राज्य जाकर भगवान श्रीराम और काशी विश्वनाथ के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई है। यात्रा के दौरान आवागमन, भोजन एवं दर्शन की अच्छी व्यवस्था होने से किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। श्री साहू ने श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
निःशुल्क तीर्थ यात्रा से पूरी हुई मन की मुराद : वृंदा यादव
सारंगढ़ निवासी श्रीमती वृंदा यादव ने बताया कि अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन करना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यात्रा पूरी तरह निःशुल्क थी तथा श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। इस योजना के कारण उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिला। श्रीमती यादव ने राज्य शासन की इस पहल को श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठजनों की धार्मिक आस्था को मिल रहा संबल
श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से राज्य शासन ऐसे श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रहा है, जो विभिन्न कारणों से स्वयं तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। विशेषकर वरिष्ठजनों के लिए यह योजना उनकी धार्मिक आस्था, भावनाओं और वर्षों से संजोई गई इच्छाओं को पूरा करने का माध्यम बन रही है। जिले में योजना के सफल क्रियान्वयन से लगातार नए श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं। तीर्थ यात्रा से लौटने वाले नागरिकों के अनुभव इस योजना की सार्थकता को दर्शाते हैं।
श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए रवाना किए जाने के अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी श्री विनय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।