मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना मार्री में 28 नवयुगलों का सामूहिक विवाह संपन्न

मोहला, 09 मई 2026/sns/- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मार्री (भोजटोला) में शुक्रवार 8 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में जिले के 28 नवयुगल सामाजिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम सुशासन तिहार 2026 शिविर परिसर स्थित स्कूल मैदान में संपन्न हुआ। सामूहिक विवाह कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा समाज में सामूहिक विवाह की सकारात्मक परंपरा को बढ़ावा देना रहा। विवाह समारोह में चौकी क्षेत्र से 8, मोहला से 12 तथा मानपुर क्षेत्र से 8 जोड़ों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवदंपत्तियों ने सात फेरे लिए और वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नवविवाहित जोड़ों को योजना अंतर्गत आवश्यक सामग्री एवं 35 हजार राशि चेक सहयोग भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह मांडवी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री मदन साहू, श्री रमेश हिडामे, श्री प्रकाश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।

About The Author