कलेक्टर ने बैठक लेकर खाद का नियमित वितरण करने दिए निर्देश
मुंगेली, 13 मई 2026/SNS/- जिले में खरीफ सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और किसानों के लिए खाद-बीज वितरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसी संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में बैठक लेकर खाद एवं बीज के भंडारण, उपलब्धता, वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने समितियों में खाद वितरण से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासन स्तर से समिति तक खाद पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की बारीकी से जानकारी ली और खाद का नियमित एवं व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने अथवा खाद के साथ अनावश्यक रासायनिक उर्वरक देने की शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निजी कृषि केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन के आधार पर खाद वितरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के शत-प्रतिशत किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को पारदर्शी और सुगम व्यवस्था के माध्यम से समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि खरीफ सीजन में खेती कार्य प्रभावित न हो और किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके।
बैठक में कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शासन के निर्देशानुसार हरित खाद (हरी खाद) के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उर्वरक वितरण प्रणाली को एग्रीस्टैक से जोड़ा जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी भूमि और फसल के प्रकार के अनुसार उचित मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा सकेगी। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित कृषि, सहकारिता विभाग एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।