राजस्व कार्यों में पारदर्शिता जवाबदेही और संवेदन शीलता के साथ करें कार्य कलेक्टर
मुंगेली, 13 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने अनुविभागवार विवादित एवं अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की तथा समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण में देरी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कार्य में कोताही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों एसडीएम, सभी तहसीलदार, एएसएलआर एवं एसएलआर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा के बाहर लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण कर प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरण सीधे आम नागरिकों से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके निराकरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।