जिला यूनियन सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण लक्ष्य का 77.53 प्रतिशत पूर्ण
सुकमा, 15 मई 2026/sns/-जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित सुकमा अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 में विगत वर्ष की तुलना में अधिक प्रगति के साथ संपादित किया जा रहा है तथा संग्रहण एवं संग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 65 प्रतिशत तेंदूपत्ता संग्रहण किया गया था तथा संग्राहकों की संख्या 41021 थी। वहीं वर्ष 2026 में दिनांक 12.05.2026 की स्थिति में लगभग 84038.431 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 77.53 प्रतिशत है। इस वर्ष संग्राहकों की संख्या बढ़कर 46620 दर्ज की गई है।
जिला यूनियन सुकमा अंतर्गत कोंटा क्षेत्र में प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति गोलापल्ली में 129.11 प्रतिशत, पालाचलमा में 122.79 प्रतिशत, किस्टाराम में 126.11 प्रतिशत, पोलमपल्ली में 107.31 प्रतिशत तथा कोण्डरे में 101.02 प्रतिशत तेंदूपत्ता संग्रहण किया गया है। कुछ फड़ो में अभी भी संग्रहण जारी है।
उल्लेखनीय है कि जगदलपुर वृत्त अंतर्गत सर्वाधिक तेंदूपत्ता संग्रहण जिला यूनियन सुकमा में किया गया है। साथ ही ऐसे फड़ों में भी इस वर्ष संग्रहण कार्य प्रारंभ कराया गया है, जहां गत वर्ष विभिन्न कारणों से संग्रहण नहीं हो सका था। विशेष रूप से गोगुंडा जैसे पहाड़ी एवं दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में भी सफलतापूर्वक संग्रहण कार्य कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय संग्राहकों को रोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में तेंदूपत्ता के अवैध परिवहन पर नियंत्रण हेतु वन विभाग द्वारा लगातार सघन गश्त एवं निगरानी की जा रही है। ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र की ओर संभावित अवैध परिवहन को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग की जा रही है तथा अवैध परिवहन एवं भंडारण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
वन विभाग द्वारा गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य की सतत मानिटरिंग की जा रही है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया पारदशएँ एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य के साथ-साथ संग्राहकों को पारिश्रमिक राशि का भुगतान भी प्रारंभ कर दिया गया है। वर्तमान तक लगभग 54,48,619 रुपये की राशि संग्राहकों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जा चुकी है।