राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



रायगढ़, 18 मई 2026/sns/- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आज हमर-अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा रायगढ़ में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस अवसर पर “डेंगू नियंत्रण में सामुदायिक भागीदारीः जांच करें, सफाई करें और ढंकें” थीम के तहत जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें आम नागरिकों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गांधीनगर जुटमिल में डेंगू के विषय पर संगोष्ठी एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डेंगू नियंत्रण की वर्तमान स्थिति, रोकथाम के उपायों और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि डेंगू एक गंभीर वायरल बुखार है जो एडिस मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर मुख्यतः साफ और स्थिर पानी में पनपता है, इसलिए घरों और आसपास जलजमाव रोकना अत्यंत आवश्यक है। लोगों को सलाह दी गई कि पानी की टंकियों, कूलरों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य बर्तनों को नियमित रूप से खाली और साफ रखें। साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करें, शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और खिड़कियों व दरवाजों पर जाली लगवाएं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द तथा शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। डेंगू का कोई विशेष इलाज नहीं है, लेकिन समय पर देखभाल और चिकित्सा से मरीज की स्थिति में सुधार संभव है।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. टी.जी. कुलवेदी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काकोली पट्नायक, प्रीति शर्मा (एफ.एल.ए.), स्थानीय मितानिन, आमजन एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।

About The Author