बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और आर्थिक सशक्तिकरण को गति देने कलेक्टर ने की योजनाओं की समीक्षा
सुकमा, 24 नवम्बर 2026/sns/- जिले में बैंकिंग सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में विशेष जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (Special DLCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले की बैंकिंग गतिविधियों, विभिन्न शासकीय ऋण योजनाओं, वित्तीय साक्षरता और वित्तीय समावेशन अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बैंकों एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण एवं बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, स्व-सहायता समूहों के ऋण प्रकरणों, ऋण-जमा अनुपात सहित MSME, शिक्षा एवं आवास ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने विशेष रूप से MSME क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने, युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने तथा पात्र परिवारों को आवास ऋण की सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने और बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकें।
ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम 2025-30 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्र में आयोजित शिविरों में बैंकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ने, बैंक खाते खोलने, सामाजिक सुरक्षा बीमा का लाभ दिलाने तथा डिजिटल लेन-देन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री अभिजीत देउरी, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मनीष कुमार कुशरो, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री कैलाश कश्यप, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री महेंद्र सिंह चौहान सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय रिजर्व बैंक के एलबीओ श्री अशोक मीना ने ऑनलाइन सहभागिता की। जिला प्रशासन का लक्ष्य बैंकिंग संस्थाओं और विभागों के समन्वय से वित्तीय सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।