20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

मोहला, 20 मई 2026/sns/- ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एकदिवसीय दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। संगठन से जुड़े लगभग 12.40 लाख केमिस्ट एवं औषधि वितरक इस बंद में शामिल रहेंगे। इसी संबंध में जिला राजनांदगांव तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी दवा विक्रेता संघ द्वारा प्रशासन को अग्रिम सूचना का ज्ञापन सौंपा गया है। स्थिति को देखते हुए उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले के नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने एवं वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक तत्काल नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करें। साथ ही जिले के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों को 20 मई को 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजनों को दवाइयों की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोल फ्री नंबर 9340597097 पर संपर्क किया जा सकता है। आपातकालीन स्थिति में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अंबागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर क्षेत्र के कुछ मेडिकल स्टोर्स के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। विभाग ने दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से बंद का समर्थन करने, जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।

About The Author