मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अकाउंटिंग एवं ऑडिट कार्य हेतु निविदा आमंत्रित
जांजगीर-चांपा, 20 मई 2026/sns/- संचालनालय प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण विकास भवन, नवा रायपुर अटल नगर से प्राप्त निर्देशानुसार मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का संचालन वर्ष 2023-24 से किया जा रहा है। योजना के प्रोग्राम फंड / प्रशासकीय निधि का आकाउंटिंग एवं ऑडिट किया जाना है। जिला एवं जनपद के ऑडिट/अकाउंटिंग का कार्य भंडार क्रय नियम का पालन करते हुए नियमानुसार कराया जाना है, जिसके लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि अकाउंटिंग कार्य हेतु अधिकतम राशि 500 रुपये प्रति माह प्रति योजना इकाई तथा ऑडिट कार्य हेतु अधिकतम राशि 1000 रुपये प्रति माह प्रति योजना इकाई निर्धारित की गई है। इच्छुक स्थानीय चार्टर्ड अकाउंटेंट, फर्म बंद लिफाफे में अपनी निविदा 11 जून 2026 तक पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट अथवा स्वयं कार्यालय जिला पंचायत जांजगीर-चांपा में कार्यालयीन समय शाम 5.30 बजे तक जमा कर सकते हैं। प्राप्त निविदाओं को 12 जून 2026 को प्रातः 11.30 बजे निविदाकारों की उपस्थिति में खोला जाएगा। निविदा हेतु निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदित फर्म का जीएसटी पंजीकृत होना अनिवार्य होगा तथा प्रस्तुत दरों में सभी कर शामिल रहेंगे। चयनित चार्टर्ड अकाउंटेंट को स्वयं उपस्थित होकर अकाउंटिंग कार्य निष्पादित करना होगा। ऑडिट उपरांत समिति द्वारा निर्णय लिया जाएगा। प्राप्त निविदाएं क्रय समिति के समक्ष खोली जाएंगी तथा किसी भी विवाद की स्थिति में अंतिम निर्णय अधोहस्ताक्षरकर्ता का मान्य होगा।