सुशासन तिहार के माध्यम से रोहिणी यादव की अंतहीन चिंता पर लगा पूर्ण विराम शिविर में रोहिणी यादव को सौंपी गई उनके नए घर की चाबी
दुर्ग, 22 मई 2026/sns/- छ.ग. शासन के ’सुशासन तिहार-2026’ अभियान के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर आम जनता की समस्याओं के निराकरण का एक बेहतरीन जरिया बन रहा है, जिसने कई परिवारों के सपनों के साकार होने में मदद की। इसी कड़ी में ग्राम पुरई में आयोजित शिविर में पुरई की ही निवासी श्रीमती रोहिणी यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनके नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। वर्षों से एक सुरक्षित और सम्मानजनक आशियाने का सपना संजोए बैठी रोहिणी के हाथों में जब उनके अपने घर की चाबी आई, तो उनकी आँखों से खुशी और संतोष के आँसू छलक पड़े। इस भावुक पल से शासन की योजनाओं के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ।
रोहिणी बताती है कि हर आम इंसान की तरह उनका भी यही सपना था कि उनका अपना एक मजबूत घर हो, जहाँ वे अपने परिवार के साथ बिना किसी डर के रह सकें। लेकिन आर्थिक तंगहाली के कारण यह सपना सालों तक सिर्फ एक अधूरी उम्मीद बनकर रह गया था। पुराना कच्चा मकान हर बदलते मौसम के साथ मुसीबतों का पहाड़ लेकर आता था। खासकर बरसात के दिनों में उनकी जिंदगी मुहाल हो जाती थी। छत से लगातार टपकता पानी, घर के भीतर तक जमा कीचड़ और दीवारों के ढहने का डर के साथ उन्हें रहना पड़ता था। कई बार हालात इतने बदतर हो जाते थे कि रोहिणी और उनके पति को बच्चों के साथ रात-रात भर जागकर घर से पानी बाहर निकालना पड़ता था। इस अव्यवस्था के बीच बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह चौपट हो जाती थी और पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजरता था। लेकिन इस सुशासन शिविर ने आज मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा डर हमेशा के लिए खत्म कर दिया। 22 मई को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर ने रोहिणी के जीवन की इस अंतहीन चिंता पर पूर्णविराम लगा दिया। शिविर के मंच पर मुख्य अतिथियों द्वारा उन्हें नए पक्के मकान की चाबी और स्वीकृति पत्र सौंपा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब उनके परिवार को एक ऐसी सुरक्षित छत मिल चुकी है, जहाँ उनके बच्चे महफूज़ रहकर पढ़ सकेंगे और परिवार गरिमा के साथ जीवन जी सकेगा।