महिलाओं और बेटियों की शिक्षा समाज के विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
राजनांदगांव, 22 मई 2026/sns/- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम डिलापहरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 3 करोड़ 77 लाख 36 हजार रूपए की लागत के 89 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम डिलापहरी में उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण तथा डीएमएफ मद से विभिन्न स्कूलों में शौचालय निर्माण के लिए 1 करोड़ 50 लाख रूपए की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ग्राम डिलापहरी क्षेत्र में 63 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 100 केवी किया जाएगा। जिससे वोल्टेज की समस्या दूर होगी और बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 3 हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने पर पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चाबी सौंपी। इसी तरह 3 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड का वितरण किया। उन्होंने लखपति दीदीयों को प्रमाण पत्र एवं स्वच्छता दीदीयों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने शिविर में महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की शिक्षा समाज के विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शासन द्वारा गांव-गांव में स्कूलों की व्यवस्था की गई है और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना से क्षेत्र की हजारों महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि 13 ग्रामों की 5 हजार 79 महिलाओं को हर माह लगभग 50 लाख रूपए से अधिक की राशि मिल रही है तथा बीते 27 माह में लगभग 14 करोड़ रूपए का लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पिछले दो वर्षों में क्षेत्र के ग्रामों में करीब 22 करोड़ रूपए की लागत से आवास निर्माण किए गए हैं। इसके साथ ही पचरी निर्माण, तालाब निर्माण, सीसी रोड, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विभिन्न कार्य स्वीकृत एवं पूर्ण किए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। किसानों के लिए 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी एवं 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, स्कूल एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, त्रुटि सुधार एवं डायवर्सन जैसी समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। यदि किसी नागरिक का कार्य लंबित है, तो वह शिविर में अपनी समस्या सीधे रख सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के किसानों के सिंचाई सुविधा को ध्यान में रखते हुए 242.77 करोड़ रूपए की लागत से लमती फीडर लघु जलाशय एवं नहर परियोजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना से 36 ग्रामों में 1840 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जिसमें राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के 10 ग्राम सुकुलदैहान, बम्हनी, धनगांव, गातापार, डिलापहरी, धर्मापुर, ढाबा, बागतराई, लिटिया सहित अन्य गांव लाभान्वित होंगे। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का कार्य प्रगति पर है तथा अगले वर्ष तक किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 13 पंचायतों के 21 गांवों में मोंगरा मल्टी विलेज योजना के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य प्रगति पर है और अगले ग्रीष्मकाल तक ग्रामीणों को इसका लाभ मिल जाएगा। वर्तमान गर्मी को देखते हुए डिलापहरी, धर्मापुर एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पंप की व्यवस्था कर पेयजल संकट का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां नलकूप सूख गए हैं वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण के संबंध में जानकारी ली। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने क्षेत्र में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जानकारी देते हुए बताया कि अविवादित नामांतरण के 223 प्रकरणों में से 193 प्रकरण निराकरण हो चुके है। इसी तरह अविभाजित खाता विभाजन के 60 प्रकरण में से 51 प्रकरण, विभाजित खाता विभाजन के 57 प्रकरण में से 45 प्रकरण, सीमांकन के 76 प्रकरण में से 50 प्रकरण, त्रुटि सुधार के 46 प्रकरण में से 43 प्रकरण तथा डायवर्सन के सभी 25 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। शेष प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि जिले में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन 4 मई से 10 जून तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डिलापहरी शिविर में 13 ग्रामों के ग्रामवासी शामिल हुए हैं तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 821 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें 370 से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। एनआरएलएम के तहत 1100 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं तथा नरेगा योजना अंतर्गत 53 कार्यों पर 1 करोड़ 49 करोड़ रूपए व्यय कर रोजगार उपलब्ध कराया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र हितग्राहियों को 12 हजार रूपए प्रति शौचालय की दर से स्वीकृति प्रदान कर शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले में बड़ी संख्या में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में 3 हजार से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे कई परिवारों का बिजली बिल शून्य आने लगा है। उन्होंने सरपंचों से अपील की कि गांवों में अधिक से अधिक हितग्राहियों को इस योजना से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देने पर हितग्राहियों को आय भी प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि नामांतरण एवं खाता विभाजन जैसी राजस्व सेवाएं ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अवैध शराब के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की गई है। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं रोजगार मूलक योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में नीर एवं नारी जल यात्रा, इंजेक्शन वेल, परकोलेशन टैंक एवं बोरवेल रिचार्ज कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री सचिन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री रमेश पटेल, श्री संतोष अग्रवाल, सरपंच डिलापहरी श्री गोंविद वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।