टीबी मुक्त भारत अभियान हाई रिस्क ग्रामों में शिविर लगाकर हो रही जांच
मुंगेली, 22 मई 2026/sns/- प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत मुंगेली जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हाई रिस्क ग्रामों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर टीबी मरीजों की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत इस अभियान में उच्च जोखिम समूहों को चिन्हित कर उनकी एक्स-रे जांच की जा रही है। अभियान के तहत विकासखण्ड लोरमी एवं पथरिया को हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी त्वरित और सटीक जांच संभव हो सकी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इन आधुनिक हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से जिले के 73 हाई रिस्क ग्रामों में व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 05 हजार 736 ओपीडी मरीजों एवं उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 02 हजार 924 लोगों का एक्स-रे परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 127 टीबी मरीजों की पहचान कर उनका उपचार तत्काल प्रारंभ किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि समय पर जांच और उपचार से टीबी जैसी गंभीर बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मरीजों को निःशुल्क जांच एवं दवा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला क्षय कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे ने आमजनों को लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की समझाइश दी है।