जिला में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों के पंजीयन पर जोर

बीजापुर, 29 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में  जिला कार्यालय के सभागार में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) पर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मास्टर ट्रेनर्स ने दी योजना की बारीकियों की जानकारी- राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर गहन प्रशिक्षण दिया गया। लेखिका साहू (डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर, IPE Global Centre for Knowledge and Development), सेक्टर पर्यवेक्षक साधना नेताम एवं उजाला बंजारे तथा ऑपरेटर तेजेस कुमार ने PMMVY के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण में मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर फोकस किया गयाः

1. पात्रता एवं प्रावधानः पहली बार गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को ₹5000 की सहायता  

2. पंजीयन प्रक्रिया: हितग्राही पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया  

3. डिजिटल संचालन: PMMVY पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री एवं समयबद्ध भुगतान  

4. समस्या समाधान: फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का निराकरण

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजना का लाभ –डीपीओ– जिला कार्यक्रम अधिकारी ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना माताओं के पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी CDPO, सुपरवाइजर, ऑपरेटर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि एक भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित न रहे। शत-प्रतिशत पंजीयन हमारा लक्ष्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

फील्ड अमले को किया गया प्रेरित- प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य योजनांतर्गत गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को अधिक से अधिक लाभान्वित करना तथा शासन के निर्देशानुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना था। फील्ड स्टाफ को लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें योजना से जोड़ने हेतु प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण में रही व्यापक भागीदारी- इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी CDPO, सेक्टर पर्यवेक्षक, ऑपरेटर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया।

क्या है प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना- यह केंद्र सरकार की एक मातृत्व लाभ योजना है जिसके तहत पहली बार गर्भवती होने पर महिलाओं को दो किश्तों में ₹5000 की आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि गर्भावस्था के दौरान पोषण की कमी को दूर किया जा सके।

About The Author