उल्लास साक्षरता केंद्र का छठवां बैच प्रारंभ 90 आत्म समर्पित नक्सली बनेंगे साक्षर

बीजापुर, 08 जून 2026/sns/-कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत पुनर्वास केंद्र बीजापुर में साक्षरता केंद्र के छठवें बैच का शुभारंभ किया गया। इस बैच में 90 असाक्षर आत्मसमर्पित नक्सली बुनियादी साक्षरता एवं अंकज्ञान प्राप्त कर शिक्षित बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आत्मसमर्पित नक्सलियों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना है। इसका सकारात्मक परिणाम हाल ही में कोण्डापल्ली में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान एक आत्मसमर्पित नक्सली दंपति ने बताया कि पुनर्वास केंद्र में प्राप्त साक्षरता एवं अंकज्ञान ने उनके जीवन में नई रोशनी लाई है। शिक्षा के माध्यम से वे आज सफलतापूर्वक दुकानदारी का व्यवसाय कर अपनी आजीविका चला रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षार्थियों को उल्लास प्रवेशिका, मार्गदर्शिका, अभ्यास पुस्तिका, पेन सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त कर आत्मसमर्पित नक्सलियों में उत्साह और उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी श्री कमलदास झाड़ी ने गोंडी बोली में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की पूरी टीम उपस्थित रही।

About The Author