पीएम किसान सम्मान निधि प्रधानमंत्री श्री मोदी 20 जून को जारी करेंगे 23वीं किस्त
मुंगेली, 19 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त डीबीटी के माध्यम से देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में जारी करेंगे। इस अवसर को ष्पीएम किसान उत्सव दिवसष् के रूप में मनाया जाएगा।
जिले में इस अवसर पर बीज निगम कार्यालय, धरमपुरा में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां किसानों के लिए प्रधानमंत्री के संबोधन एवं राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट दिखाया जाएगा। इसके साथ ही जिले की सभी ग्राम पंचायतों में किसान सभाओं (फार्मर मीट) का आयोजन कर किसानों को ऑनलाइन कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के 85 हजार 324 पात्र किसानों के बैंक खातों में 17 करोड़ 06 लाख रुपये की सम्मान निधि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले मिलने वाली यह राशि किसानों को बीज, खाद एवं अन्य कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल प्रदान करेगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है। अब तक योजना की 22 किस्तों का सफलतापूर्वक भुगतान किया जा चुका है और 20 जून को 23वीं किस्त जारी की जाएगी।