सेवा सेतु से आसान होंगी राशन कार्ड सेवाएं प्रशिक्षण का हुआ आयोजन
मुंगेली, 08 जुलाई 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले में सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। अब नागरिक नवीन राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने तथा नाम विलोपन जैसी सेवाओं का लाभ अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र से आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार इन सेवाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन के लिए जिला मुख्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी तथा सेवा सेतु केंद्रों के प्रबंधक एवं ऑपरेटर शामिल हुए।
प्रशिक्षण का संचालन जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, मुंगेली की ई-जिला प्रबंधक श्रीमती सोनम शर्मा ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को राशन कार्ड संबंधी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, पोर्टल संचालन, सेवा प्रदाय प्रणाली, निर्धारित समय-सीमा एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं सेवा सेतु ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग एवं त्वरित कार्यवाही पर विशेष जोर दिया गया। जिले के नागरिक अब राशन कार्ड संबंधी किसी भी सेवा के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र में आवेदन कर शासन की इस नई, सरल एवं जनहितैषी व्यवस्था का लाभ उठा सकते हैं।