ऑटो डायवर्सन पोर्टल से आसान हुई भूमि डायवर्सन की प्रक्रिया

मोहला, 10 जुलाई 2026/sns/- भूमि डायवर्सन की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा ऑटो डायवर्सन नागरिक पोर्टल की सुविधा प्रारंभ की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से अब नागरिक घर बैठे ही भूमि डायवर्सन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे न केवल कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता समाप्त होगी, बल्कि समय और श्रम की भी बचत होगी। ऑटो डायवर्सन नागरिक पोर्टल पर आवेदक स्वयं अपनी भूमि का भू-भाटक ऑनलाइन गणना कर सकते हैं तथा निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सरलता से डायवर्सन के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। पोर्टल आधारित व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं नागरिक हितैषी है। साथ ही, न्यायालयीन प्रक्रिया में लगने वाले समय की भी बचत होगी, जिससे आवेदनों का शीघ्र निराकरण संभव हो सकेगा। जिन लोगों के पास ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा संबंधित तहसील कार्यालय के सीएससी केंद्र के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि जिले के मोहला एवं मानपुर अनुभाग में ऑटो डायवर्सन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। मोहला अनुभाग में प्राप्त 50 आवेदनों तथा मानपुर अनुभाग में प्राप्त 11 आवेदनों सहित कुल 61 आवेदनों में से अब तक कुल 44 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। बेहतर कार्य निष्पादन के आधार पर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला ऑटो डायवर्सन प्रकरणों के निराकरण में प्रदेश में चौथे स्थान पर है। ऑटो डायवर्सन नागरिक पोर्टल के माध्यम से राजस्व सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है, जिससे नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

About The Author