विशेष एचपीव्ही टीकाकरण सप्ताह 13 से 18 जुलाई तक
मुंगेली, 10 जुलाई 2026/sns/+ जिले में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 13 से 18 जुलाई 2026 तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस विशेष टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त समन्वय से जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में यह विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इस अभियान के तहत ऐसी बालिकाओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, लेकिन 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है। अभियान का उद्देश्य जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
सीएमएचओ ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य रोग है। नियमित जांच तथा एचपीव्ही टीकाकरण के माध्यम से इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस दिशा में लगातार जनजागरूकता एवं टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अब तक 02 हजार 35 बालिकाओं का एचपीव्ही टीकाकरण किया जा चुका है। शेष सभी पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में स्वास्थ्य टीमों की तैनाती, आवश्यक वैक्सीन की उपलब्धता तथा सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का निर्धारित तिथि पर विद्यालय में एचपीव्ही टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और बालिकाओं के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।