जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 11 से 18 जुलाई तक
मुंगेली, 10 जुलाई 2026/sns/- जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने तथा परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता एवं परिवार कल्याण संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस अभियान का उद्देश्य गर्भधारण के उचित समय, दो गर्भधारण के बीच आवश्यक अंतराल तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों एवं समुदाय स्तर पर परिवार नियोजन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस 2026 की थीम माँ और बच्चे की भलाई और अनचाहे गर्भधारण को रोकने के लिए गर्भावस्था के बीच सही समय और अंतर निर्धारित की गई है। वहीं अभियान का संदेश जब लईका मन म होही सही अंतराल, परिवार बनही स्वस्थ अऊ खुशहाल लोगों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में खंड चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम, परामर्श शिविर तथा परिवार नियोजन सेवाएं आयोजित की जाएंगी। दंपतियों को आधुनिक परिवार नियोजन साधनों, सुरक्षित मातृत्व तथा स्वस्थ परिवार के महत्व की जानकारी दी जाएगी। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकायों, स्व-सहायता समूहों, सास-बहू सम्मेलनों एवं विभिन्न सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इससे अंतर्विभागीय समन्वय मजबूत होगा और परिवार नियोजन के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता विकसित होगी।