बैगा ग्राम दानवखार में स्वास्थ्य विभाग का जन जागरूकता शिविर

मुंगेली, 10 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला क्षय एवं कुष्ठ उन्मूलन केंद्र द्वारा विकासखंड लोरमी के दूरस्थ बैगा ग्राम दानवखार में जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, टीबी एवं कुष्ठ रोग की समय पर पहचान सुनिश्चित करना तथा ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शीला साहा ने बताया कि शिविर में 60 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 05 संदिग्ध टीबी मरीज, 03 बीपी, 05 शुगर, 08 कमजोरी, 06 खुजली, 04 दाद, 12 सर्दी-खांसी, 05 बुखार, 02 आंख संबंधी तथा 04 हाथ-पैर दर्द से पीड़ित सहित अन्य 06 मरीजों की पहचान की गई। संदिग्ध टीबी मरीजों के बलगम के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि समय पर उपचार शुरू किया जा सके।
जिला क्षय एवं कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया तथा परामर्श दिया। साथ ही टीबी एवं कुष्ठ रोग से बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व की जानकारी देते हुए जागरूकता पाम्पलेट वितरित किए गए। शिविर के दौरान ग्राम की मितानिनों को भी टीबी एवं कुष्ठ रोग की पहचान, जांच के लिए संदिग्ध मरीजों का चिन्हांकन तथा बचाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान जिला कार्यक्रम समन्वयक अमिताभ तिवारी, डीपीपीएमसी अमित सिंह, सुपरवाइजर मणिराज पैकरा, आरएचओ संजू भास्कर एवं मितानीन शामिल रहे।

About The Author