महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त से चमकी ग्रामीण महिलाओं की किस्मत
सुकमा, 13 जूलाई 2026/ sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन और वादों के प्रति प्रतिबद्धता का सीधा लाभ प्रदेश की महिलाओं को मिल रहा है। राज्य सरकार द्वारा “महतारी वंदन योजना“ के तहत सफ़लतापूर्वक 29वीं किस्त की राशि पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे अंतरित (डीबीटी) कर दी गई है। नियमित रूप से मिल रही इस आर्थिक सहायता ने ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के जीवन को न केवल सुगम बनाया है, बल्कि उनके भीतर सरकार के प्रति एक मजबूत विश्वास और संतोष का भाव भी जगाया है।
घरेलू मोर्चे पर मिली बड़ी राहत
योजना से मिलने वाली राशि ग्रामीण परिवेश की महिलाओं के लिए छोटी-छोटी मगर बेहद जरूरी घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने का मुख्य जरिया बन चुकी है। कोंटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोलमपल्ली की निवासी श्रीमती सविता करतम ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें योजना की 29वीं किस्त प्राप्त हो चुकी है। सविता इस राशि का उपयोग अपने घर के लिए रसोई गैस सिलेंडर खरीदने में करती हैं, जिससे उनके पूरे परिवार को बड़ी सहूलियत मिल रही है। उन्होंने महिलाओं के इस वास्तविक आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री का सहृदय आभार व्यक्त किया।
बच्चों की शिक्षा और भविष्य को मिला संबल
यह योजना सिर्फ रसोई खर्च तक ही सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी के भविष्य को संवारने में भी अपनी अहम भूमिका निभा रही है। पोलमपल्ली की ही एक अन्य हितग्राही श्रीमती करतम मासे ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाले पैसों को वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और शिक्षा से जुड़ी अन्य जरूरतों पर खर्च करती हैं। उन्होंने कहा कि इस निरंतर वित्तीय सहायता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में उन्हें सीधे तौर पर एक बड़ा संबल मिला है।
आर्थिक स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम
महतारी वंदन योजना आज छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मसम्मान और आर्थिक स्वावलंबन का प्रतीक बन चुकी है। सुकमा जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं का कहना है कि राज्य सरकार अपने वादे के अनुरूप हर महीने नियमित रूप से यह राशि उनके खातों में भेज रही है। संकट के समय में यह पैसा उनके लिए किसी बड़े सहारे से कम नहीं है। स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त महसूस कर रही इन ग्रामीण महिलाओं ने अपनी खुशहाली और आत्मनिर्भरता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति गहरा धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया है।