कलेक्टर ने निर्माणाधीन सीएचसी जरहागांव अस्पताल और स्वामी आत्मानंद विद्यालय का किया निरीक्षण
मुंगेली, 17 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने छतौना (जरहागांव) स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरहागांव तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने तथा सभी व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छतौना में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। परिसर में निर्मित आइसोलेशन कक्ष का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरहागांव में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए संस्थागत प्रसव बढ़ाने, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उपचार के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्पदंश उपचार की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार संबंधी जागरूकता पोस्टर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के मौसम में आमजन को समय पर सही जानकारी उपलब्ध हो सके।
इसके बाद कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, जरहागांव का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने, खेल शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि मैदानी स्तर पर पहुंचकर संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इन क्षेत्रों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल राम रावटे, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।