सिवनी के रयतु राम ने मछली बीज उत्पादन से रची सफलता की नई गाथा
जगदलपुर, 04 अगस्त 2026/sns/sns/- कृषि के क्षेत्र में नए प्रयोग और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अब अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत सिवनी (हिरलाभाटा) निवासी किसान रयतु राम ने मछली बीज उत्पादन को अपनाकर अपनी मेहनत से एक नई मिसाल पेश की है।
अपनी कुल 5 एकड़ कृषि भूमि में से करीब एक एकड़ क्षेत्र में फैले तालाब में रयतु राम ने इस वर्ष मछली बीज (स्पॉन) उत्पादन का कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस सीजन में उन्होंने तालाब में लगभग 30 पैकेट बीज डाले थे। अब तक वे लगभग 60 किलोग्राम मछली बीज 500 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेच चुके हैं, जिससे उन्हें 30 हजार रुपए की सीधी आय हुई है। तालाब में अभी भी 40 से 50 किलोग्राम बीज मौजूद हैं, जिन्हें बेचकर उन्हें 20 से 25 हजार रुपए तक की अतिरिक्त आमदनी होने की उम्मीद है। रयतु राम का मानना है कि पारंपरिक फसलों के मुकाबले महज दो महीने में तैयार होने वाली यह खेती कम समय में बेहतर मुनाफा देने वाला जरिया है।
हालांकि इस मुकाम तक पहुँचने का रास्ता आसान नहीं था। शुरुआती दिनों में सही मार्गदर्शन, सिंचाई के लिए बोरवेल की व्यवस्था न होने और तालाब में तिलापिया जैसी अवांछित किस्मों के मछली आ जाने से उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई थी। लेकिन इस बार उन्होंने तालाब की अच्छी तरह सफाई की, समय पर दाना-पानी दिया और विभागीय मार्गदर्शन का सही उपयोग किया, जिससे उन्हें बेहतरीन परिणाम मिला। शासकीय योजनाओं से मिले प्रोत्साहन और अधिकारियों की सलाह ने भी उनके इस प्रयास को काफी संबल प्रदान किया है।
इस सीजन के उत्साहजनक नतीजों से रयतु राम के हौसले बुलंद हैं और वे अब इस व्यवसाय का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि वे एक मेहनती किसान हैं और अपने पास के ही खेत में थोड़ा खर्च करके एक नया तालाब तैयार करने की सोच रहे हैं। अगर बीज की मांग और सहयोग इसी तरह बना रहा, तो वे इस कार्य को और बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाएंगे, जिससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी बल्कि आसपास के स्थानीय किसानों को भी गांव में ही उन्नत किस्म का मछली बीज आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। गौरतलब है कि मत्स्यपालन विभाग की स्पान संवर्धन योजनांतर्गत रयतु के गांव के तीन अन्य मत्स्यपालक मनकी बघेल, दयमती बघेल और जग्गु मौर्य भी लाभान्वित होकर अतिरिक्त आय संवृद्धि के जरिए घर परिवार को खुशहाली की ओर अग्रसर कर चुके हैं।