ग्राम पंचायत मुढ़ीपार अंतर्गत विशेष ग्राम सभा में योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण

महासमुंद, 08 अगस्त 2026/ sns/- पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में आयोजित विशेष ग्राम सभा में शासन की योजनाओं की समीक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस विशेष ग्राम सभा में छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई के संचालक डॉ. जीतेन्द्र सिंगरौल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने धरातल पर संचालित विभिन्न विकास कार्यों की वस्तुस्थिति का गहन निरीक्षण किया। ग्राम सभा के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुढ़ीपार की सरपंच श्रीमती सुमित्रा पटेल, सचिव श्री हरिहर यदू, रोजगार सहायक श्री विनोद कुमार, बीएसएएफ मनिषा सारथी तथा वीआरपी कोमल ठाकुर एवं नेहा पटेल उपस्थित रहे।

लाखों के विकास कार्यों और निर्माण स्थलों का निरीक्षण

विशेष ग्राम सभा में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम पंचायत में कुल 51 विकास कार्य (02 मनरेगा एवं 49 आवास योजना से संबंधित) संचालित किए गए, जिन पर ₹11,93,890 का कुल व्यय दर्ज किया गया है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंगरौल ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक लाभ की योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया। व्यक्तिगत लाभ योजना के तहत रामचन्द्र/पतंगा के स्थल पर निर्मित कृषि तालाब का जायजा लिया तथा सामुदायिक हित को ध्यान में रखते हुए मंदिर तालाब के नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता का अवलोकन किया गया।

 ग्रामीणों को संबोधित करते हुए संचालक डॉ. जीतेन्द्र सिंगरौल ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का मूल उद्देश्य केवल सरकारी आंकड़ों और योजनाओं की समीक्षा करना नहीं है, बल्कि आम जनता को शासन की जवाबदेही और पारदर्शिता की प्रक्रिया से सीधे जोड़ना है। उन्होंने कहा जब विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण होंगे और उनकी रिपोर्टिंग ईमानदारी से की जाएगी तभी शासन और जनता के बीच परस्पर विश्वास मजबूत होगा। सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक अंकेक्षण टीम ने संयुक्त रूप से गांव के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने और पारदर्शिता के साथ कार्यों को आगे ले जाने का संकल्प लिया।

About The Author