विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक

सुकमा, 08 अगस्त 2026/sns/- जनपद पंचायत कोन्टा में विकास खंड स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मनीष कुशरो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर बीपीएम श्री अरविंद कुमार, पीआरपी सहित विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य प्रशासन और बैंकिंग तंत्र के बेहतर समन्वय के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत खाता खोलने, किसान क्रेडिट कार्ड कवरेज बढ़ाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही श्रमिकों एवं पेंशनधारियों के बैंक खातों से संबंधित प्रकरणों की भी जानकारी ली गई। विभिन्न योजनाओं में प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण और पात्र हितग्राहियों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
एलडीएम श्री मनीष  कुशरो ने सभी बैंक शाखाओं को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं सुगम तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक एवं विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में लिए गए निर्णयों से क्षेत्र में वित्तीय समावेशन को गति देने, किसानों, श्रमिकों, पेंशनधारियों एवं स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ दिलाने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।

About The Author