सुकमा जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का मैदानी निरीक्षण

सुकमा, 21 अगस्त 2026/sns/- जिले में खरीफ वर्ष 2026 के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने शुक्रवार को सुकमा विकासखंड के ग्राम रामाराम, पातर सुकमा एवं केरलापाल पहुंचकर सर्वेयरों द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से किए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर किसानों से चर्चा करते हुए सर्वे की प्रगति, प्रक्रिया एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पटवारियों को निर्देशित किया कि सर्वेयरों द्वारा सर्वे कार्य पूर्ण किए जाने के पश्चात प्रतिदिन प्राप्त प्रविष्टियों का नियमित रूप से अनुमोदन किया जाए, ताकि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण हो सके। उन्होंने सर्वे कार्य में सटीकता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शबाब खान, तहसीलदार श्री गिरीश निंबालकर एवं अधीक्षक भू-अभिलेख श्री ऋषिकेश सलाम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेतों में बोई गई फसलों की वास्तविक एवं अद्यतन जानकारी डिजिटल रूप में दर्ज की जा रही है। इस वर्ष मैन्युअल गिरदावरी की जगह डिजिटल क्रॉप सर्वे की नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत जिले के 262 ग्रामों में सर्वे कार्य किया जाना है। इससे फसल संबंधी आंकड़ों के संधारण में अधिक पारदर्शिता एवं सटीकता आएगी तथा कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।
डिजिटल क्रॉप सर्वे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा रहा है। सर्वे कार्य में स्थानीय युवक-युवतियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है तथा सर्वेयरों को प्रति खसरा 10 रुपये की दर से मानदेय प्रदान किया जाएगा। प्रशासन की इस पहल से आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और कृषि संबंधी अभिलेखों को अधिक विश्वसनीय एवं डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

About The Author