‘जनमन’ बनी प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए ज्ञान का उपयोगी माध्यम
मुंगेली, 21 अगस्त 2026/sns/- जिला ग्रंथालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का वितरण किया गया। जनमन पत्रिका में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्णयों तथा राज्य के विकास से संबंधित विषयों को सरल एवं तथ्यपरक रूप में प्रस्तुत किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को सीजीपीएससी, व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए ‘जनमन’ सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाक्रम की जानकारी का उपयोगी स्रोत साबित होगी।
किशन ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में छत्तीसगढ़ से संबंधित योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में ‘जनमन’ के माध्यम से राज्य शासन की योजनाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी। इससे उनकी तैयारी को बेहतर दिशा मिलेगी और अध्ययन सामग्री के लिए अलग-अलग स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी। जिला ग्रंथालय में ‘जनमन’ का वितरण विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ राज्य की सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों से परिचित कराने की सकारात्मक पहल है। यह पत्रिका प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शासन की योजनाओं और प्रदेश के विकास से भी जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।