जिला प्रशासन की निगरानी में पारदर्शी तरीके से हो रही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की भर्ती

बीजापुर, 21 अगस्त 2026/sns/- शासन की प्राथमिकता के अनुरूप सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग बीजापुर अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से 33 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया जिला प्रशासन की निगरानी में निर्धारित भर्ती नियमों का पालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले में अब तक 08 पदों के लिए कौशल परीक्षा पूर्ण की जा चुकी है। आगामी 21 अगस्त 2026 को 05 पदों फीडिंग डेमॉन्स्ट्रेटर, लैब टेक्नीशियन, 

RBSK MO एवं फिजियोथेरेपिस्ट के लिए कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 22 अगस्त 2026 को 05 पदों डेंटल सर्जन, टेक्निकल असिस्टेंट हियरिंग इम्पेयर्ड चिल्ड्रन,

PADA, सेक्रेटेरियल असिस्टेंट एवं टेक्निकल असिस्टेंट ऑडियोमेट्रिक के लिए कौशल परीक्षा आयोजित होगी।
भर्ती प्रक्रिया जिला पंचायत बीजापुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में संचालित की जा रही है। इसके साथ ही डिप्टी कलेक्टर श्री मयंक मंडावी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भर्ती प्रक्रिया की सतत निगरानी कर रहे हैं, ताकि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हो।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत इन पदों पर चयनित प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं से जिले के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी। इससे नागरिकों को उनके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही जिले के शिक्षित एवं योग्य नवयुवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि भर्ती प्रक्रिया में पात्र एवं योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करते हुए पारदर्शी तरीके से चयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में निरंतर सुधार हो सके।

About The Author