पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना
सुकमा, 22 अगस्त 2026/sns/- जिले में वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान को लेकर विद्यार्थियों को बैंक खाते की त्रुटियां सुधारने और खाता आधार से सीडेड कराने का अंतिम अवसर दिया गया है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कुछ विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति तकनीकी कारणों से उनके खातों में जमा नहीं हो सकी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में किया जा रहा है। ऐसे विद्यार्थी जिनका भुगतान असफल हुआ है, वे अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार करें। इससे लंबित छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
विद्यार्थियों के लिए अंतिम अवसर के तहत संबंधित छात्र-छात्राओं को सूचना प्रकाशन की तिथि से 7 दिनों के भीतर अपनी छात्रवृत्ति आईडी के माध्यम से छात्रवृत्ति पोर्टल पर जाकर बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अपडेट करनी होगी। विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए आवश्यक सुधार शीघ्र पूरा करने की अपील की है।