कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

अम्बिकापुर, 24 अगस्त 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों और प्रशासनिक लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करे।

बैठक में अपार आईडी निर्माण एवं जाति प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति, जन्म प्रमाणपत्र निर्माण हेतु कार्यवाही की समीक्षा की गई। इस दौरान एनएचएम पदों पर भर्ती की प्रगति, मुआवजा प्रकरणों, नक्शा प्रोजेक्ट में प्रगति सहित अन्य की समीक्षा की गई। बैठक में पूर्व बैठकों एवं निरीक्षणों में दिए निर्देशों पर प्रगति सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अतिरिक्त धान संग्रहण केंद्रों हेतु भूमि चिन्हांकन के निर्देश एसडीएम अम्बिकापुर को दिए।

इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीराहुल बंसल, प्रशिक्षु आईएफएस श्री कुणाल मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश-
सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी कार्यवाही करें। कलेक्टर ने विशेष रूप से स्1 स्तर पर ही अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर भेजने के बजाय संबंधित विभागीय अधिकारी अपने स्तर पर समस्या का समाधान करें, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने अधिक शिकायतों वाले विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लंबित प्रकरणों के निराकरण की गति बढ़ाएं। जिन विभागों में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की संख्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों की समीक्षा कर अधिक से अधिक शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया जाए।

डीएमएफ के निर्माण कार्यों में प्रगति एवं अपूर्ण कार्यों की वसूली पर हुई समीक्षा-
कलेक्टर ने डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत एवं अपूर्ण कार्यों की प्रगति तथा वसूली की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपूर्ण कार्यों की अद्यतन जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने डीएमएफ अंतर्गत वसूली की भी समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित वसूली प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि डीएमएफ से संबंधित कार्यों एवं वसूली की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए तथा सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

आगामी नीट परीक्षा के संचालन में सभी नोडल गम्भीरता से दायित्व का निर्वहन करें-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि  आगामी नीट पीजी परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी तैयारियों एवं व्यवस्था समय पर पूरी कर लें। उन्होंने नोडल अधिकारियों को गम्भीरतापूर्ण ढंग से दायित्व का निर्वहन करने कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित हो, वहीं परीक्षार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त करें।

सिविल कोर्ट से संबंधित लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश-
सिविल कोर्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामलों की नियमित निगरानी की जाए, संबंधित अधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों, जवाब एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों को समय पर तैयार कर उपलब्ध कराएं।

जनपद पंचायतवार निर्माण कार्यों की समीक्षा-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले के जनपद पंचायतवार विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हैंडपंप, बोरवेल खनन, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि  प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण किया जाए।
ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत बालिकाओं के  लिए स्कूल में शौचालय का निर्माण किया जाना है  कार्यों को स्वीकृत करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About The Author