भाटापारा मे रक्तदान शिविर का आयोजन 66 यूनिट रक्तदान से बचेगी कई जिंदगियां

बलौदाबाजार -भाटापारा, 24 अगस्त 2026/sns/- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की पूर्व प्रशासिका डॉ. दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर समाज सेवा प्रभाग, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय भाटापारा और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए कुल 66 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में 50 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल रहीं।

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महज एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने वाला कार्य है। इस शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करने और समाज में रक्तदान को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने का संदेश दिया गया।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने रक्तदान से जुड़ी जरूरी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सामान्य तौर पर 18 से 65 वर्ष की आयु का व्यक्ति, जिसका वजन कम से कम 45 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम या उससे अधिक हो, रक्तदान कर सकता है। हालांकि अंतिम पात्रता का निर्धारण रक्तदान केंद्र की चिकित्सकीय जांच के बाद किया जाता है। उन्होंने बताया कि एक बार रक्तदान के दौरान करीब 350 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है। स्वस्थ और पात्र व्यक्ति के लिए निर्धारित अंतराल के बाद दोबारा रक्तदान करना सुरक्षित माना जाता है। डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील की कि रक्तदान को लेकर अनावश्यक डर या भ्रम न रखें और चिकित्सकीय रूप से पात्र होने पर रक्तदान के लिए आगे आएं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने ब्रह्माकुमारी संस्थान और रक्तदाताओं द्वारा किए गए इस नेक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित होते रहेंगे और अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएंगे।

रक्तदान शिविर आयोजन में जिला अस्पताल की टीम ने भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया। जिला अस्पताल एवं आयोजक संस्था के समन्वय से रक्तदान की प्रक्रिया पूरी की गई।

About The Author