राजनांदगांव शहर में बिजली व्यवस्था का होगा कायाकल्प तारों के मकड़जाल से मिलेगी मुक्ति
राजनांदगांव, 25 अगस्त 2026/sns/-शहर में गणेशोत्सव सहित विभिन्न आयोजनों के दौरान निकलने वाली झांकियों, जुलूसों एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों को सुगम बनाने तथा विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत तारों के मकड़जाल को व्यवस्थित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सड़क क्रॉसिंग पर अनावश्यक रूप से झूल रहे एवं अव्यवस्थित तारों को हटाकर आवश्यक विद्युत लाइनों को व्यवस्थित ढंग से एक लाइन में कनेक्ट किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विद्युत तारों के मकड़जाल को समाप्त कर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मजबूत विद्युत व्यवस्था तैयार करना है। आगामी गणेशोत्सव एवं झांकियों के मद्देनजर इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस विशेष अभियान के तहत शहर के रामाधीन मार्ग, कामठी लाइन, गुडाखु लाइन, जय स्तम्भ चौक क्षेत्र, मानव मंदिर चौक से सिनेमा लाइन, हलवाई लाइन, गंज लाइन, आजाद चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत लाइनों को व्यवस्थित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। ये क्षेत्र शहर के सबसे अधिक व्यस्त एवं घनी बसावट वाले बाजार क्षेत्रों में शामिल हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों, व्यापारियों एवं वाहनों की आवाजाही होती है।
करीब 50 नए पोल लगाए जाएंगे
विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने की इस कार्ययोजना के तहत लगभग 50 नए विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। आवश्यकता वाले स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के साथ-साथ मौजूदा विद्युत तारों की क्षमता का भी उन्नयन किया जा रहा है। इससे विद्युत नेटवर्क को अधिक मजबूत बनाने के साथ बढ़ते विद्युत भार के अनुरूप आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।
सड़क क्रॉसिंग पर तारों का मकड़जाल होगा खत्म
बाजार क्षेत्रों में वर्षों से अलग-अलग दिशाओं में फैले एवं सड़क क्रॉसिंग पर झूलते तारों को व्यवस्थित कर आवश्यकतानुसार एक सुव्यवस्थित लाइन में कनेक्ट किया जा रहा है। इससे गणेशोत्सव के दौरान निकलने वाली बड़ी झांकियों एवं जुलूसों के आवागमन में आने वाली बाधा दूर होगी। अब झांकी समितियों को तारों को डंडे या बांस के सहारे ऊपर उठाकर रास्ता बनाने की आवश्यकता कम होगी।
सिर्फ तार हटाना नहीं, विद्युत नेटवर्क का क्षमता उन्नयन भी
बिजली कंपनी द्वारा किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल दिखाई देने वाले तारों के मकड़जाल को हटाना नहीं है, बल्कि पूरे विद्युत वितरण नेटवर्क को व्यवस्थित एवं मजबूत बनाना है। नए पोल लगाने, नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा तारों की क्षमता बढ़ाने से संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता एवं सुरक्षा में भी सुधार होगा।
व्यापारियों एवं नागरिकों से मिल रहा सहयोग
अति व्यस्त बाजार क्षेत्रों में चल रहे इस कार्य में स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों का भी सहयोग मिल रहा है। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के सामने से गुजरने वाली अव्यवस्थित लाइनों को व्यवस्थित करने में व्यापारियों द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। बिजली कंपनी का मैदानी अमला चरणबद्ध तरीके से क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार कार्य कर रहा है।
गणेशोत्सव से पहले झांकियों के मार्ग होंगे सुगम
गणेशोत्सव के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से बड़ी संख्या में झांकियां निकलती हैं। ऐसे में विद्युत तारों की कम ऊंचाई एवं अस्त-व्यस्त लाइनें झांकी समितियों के लिए चुनौती बनती रही हैं। इसे देखते हुए बिजली कंपनी द्वारा पहले से ही आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सड़क क्रॉसिंग एवं झांकियों के संभावित मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए तारों को व्यवस्थित किया जा रहा है। बिजली कंपनी के इस अभियान से रामाधीन मार्ग से लेकर कामठी लाइन, गुडाखु लाइन, जय स्तम्भ चौक, मानव मंदिर चौक-सिनेमा लाइन, हलवाई लाइन, गंज लाइन, आजाद चौक सहित आसपास के बाजार क्षेत्रों में न केवल झांकियों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि शहर की विद्युत व्यवस्था भी अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत होगी। यह अभियान शहरवासियों को तारों के मकड़जाल से स्थायी राहत देने के साथ-साथ सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।