सुकमा के छिंदगढ़ में मेगा आयुष्मान अभियान की बड़ी सफलता
सुकमा, 25 जूलाई 2026/sns/-सुकमा जिले के विकासखंड छिंदगढ़ में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मेगा आयुष्मान अभियान का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान के तहत विकासखंड की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मेगा आयुष्मान कैंप लगाए गए। जमीनी स्तर पर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कुल 186 टीमों को तैनात किया गया, जिन्होंने ग्रामीण स्तर पर पहुंचकर वंचित हितग्राहियों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने का कार्य किया।
अभियान के दौरान क्षेत्र में भारी बारिश, उफनते नदी-नालों और दुर्गम रास्तों की कठिन चुनौतियों के बावजूद स्वास्थ्य कर्मियों का हौसला नहीं डिगा। ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों के सक्रिय सहयोग से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता फैलाई गई और ग्रामीणों को कैंप तक लाया गया। स्वास्थ्य टीमों ने घर-घर संपर्क कर पात्र हितग्राहियों की पहचान की, जिसके सुखद परिणाम स्वरूप महज एक ही दिन में रिकॉर्ड 1,320 आयुष्मान कार्ड बनाए किए गए।मेगा अभियान में उत्कृष्ट और समर्पित सेवा देने वाले प्रत्येक सेक्टर के स्वास्थ्य कर्मियों को टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार, जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर और छिंदगढ़ एसडीएम श्री पीवी खेस के द्वारा प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि मैदानी अमले की सक्रियता और प्रशासनिक समन्वय के बल पर ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच पा रहा है।
साल श्रीफल से सम्मानित हुए उत्कृष्ट स्वास्थ्यकर्मी:
छिंदगढ़ सेक्टर: श्री जगन्नाथ सिन्हा, श्री दिनेश मरकाम, सुश्री दामिनी कश्यप, श्रीमती प्रिया बघेल, श्रीमती हेमलता मांझी, ममता निकुंज एवं श्रीमती प्रमिला पोयाम।
कुकानार सेक्टर: श्रीमती अंजू यादव, कु. आयुषी भदौरिया (आयुष्मान मित्र) एवं श्री दुलाराम नाग।
तोंगपाल सेक्टर: श्री राकेश श्वेता एवं कु. योगेश्वरी।
पुसपाल सेक्टर: कु. राजमनी बघेल (आयुष्मान मित्र), श्री हितेश कुमार एवं कु. सोनादई नाग।
गोरेली सेक्टर: श्रीमती रिंकी कवासी, कु. निऱा देवी, श्रीमती ओमेश्वरी एवं श्री प्रवीण कुड़ाम।
प्रतिकूल मौसम और भौगोलिक विषमताओं के बीच छिंदगढ़ में आयोजित यह महा-अभियान जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की “हर पात्र हितग्राही तक आयुष्मान कार्ड“ पहुंचाने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह उपलब्धि सुदूर वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और आमजन को निःशुल्क उपचार सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।