लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के साथ शत-प्रतिशत आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनाने कलेक्टर श्री सिंह ने दिए निर्देश
दुर्ग, 25 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन एवं पीजीएन पोर्टल पर लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने ई-एचआरएमएस के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। जिन विभागों में ई-एचआरएमएस की प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है, उन्हें एनआईसी से संपर्क कर प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 28 आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर स्थिति में हैं। कलेक्टर ने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों को नरेगा एवं विकसित भारत जी-राम जी योजना के तहत आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागों के लंबित बिजली बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ट्रेजरी अधिकारी को विभागवार बिजली बिल मद में उपलब्ध बजट की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित देयकों के भुगतान की स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली बिल मद में उपलब्ध बजट से लंबित बिजली बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें। बैठक में सहकारी समितियों के लिए भू-आबंटन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र भू-आबंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग द्वारा साइबर जागृति अभियान में नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पुलिस विभाग द्वारा साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों एवं कर्मचारियों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई। पुलिस विभाग ने नागरिकों से साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता से संबंधित सेल्फी अपलोड कर अभियान को व्यापक बनाने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग दुबे, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्री हरवंश मिरी, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम चरोदा आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, एसडीएम श्री लवकेश ध्रुव, एसडीएम श्री महेश राजपूत, एसडीएम श्री उत्तम ध्रुव, एसडीएम श्री प्रफुल्ल गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर श्री सोनाल डेविड, सहित समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।