रक्षाबंधन से पहले खाते में आई महतारी वंदन की 31वीं किश्त
सुकमा, 26 जूलाई 2026/sns/-महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में नियमित रूप से पहुंच रही आर्थिक सहायता उनके लिए आत्मनिर्भरता, सम्मान और भरोसे का मजबूत आधार बन रही है। ग्राम लक्ष्मीपारा निवासी ज्योति सोड़ी के लिए योजना की 31वीं किश्त रक्षाबंधन से पहले खुशियों की सौगात लेकर आई। मोबाइल पर खाते में 1000 रुपये जमा होने का संदेश मिलते ही उनके चेहरे पर मुस्कान खिल उठी। त्यौहार से पहले मिली इस आर्थिक सहायता ने उनके उत्साह को और बढ़ा दिया।
ज्योति बताती हैं कि योजना के तहत मिलने वाली राशि घरेलू जरूरतों और बच्चों से जुड़े खर्चों में काफी सहायक साबित होती है। वे हर महीने 500 रुपये अपनी बेटी के सुकन्या समृद्धि योजना खाते में जमा करती हैं, जबकि शेष राशि घर की छोटी-मोटी आवश्यकताओं और व्यक्तिगत जरूरतों में उपयोग करती हैं। उनका कहना है कि पहले ऐसी जरूरतों के लिए परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब अपने बैंक खाते में नियमित राशि आने से उनमें आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता बढ़ी है।
रक्षाबंधन से ठीक पहले मिली किश्त ज्योति के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि त्योहार के दौरान घर-परिवार की जरूरतें बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस राशि से आवश्यक सामान खरीदने और परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ज्योति ने कहा, “रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की राशि देकर मुख्यमंत्री भैया ने हमारी खुशियां बढ़ा दी हैं। यह राशि हमारे लिए भाई के स्नेह और आशीर्वाद जैसी है।”
महतारी वंदन योजना जिले की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें परिवार के आर्थिक निर्णयों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर दे रही है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतें सम्मानपूर्वक पूरी कर पा रही हैं और बचत की दिशा में भी कदम बढ़ा रही हैं। ज्योति की कहानी इसी बदलते आत्मविश्वास की तस्वीर है, जहां सरकारी सहायता केवल खाते में आने वाली राशि नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, सम्मान और भविष्य को बेहतर बनाने का संबल बन रही है।