केंद्रीय जेल दुर्ग में 28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन पर्व

दुर्ग, 27 अगस्त 2026/sns/- प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 28 अगस्त 2026 को केंद्रीय जेल दुर्ग में रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर लगभग 4 से 5 हजार बहनों के अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए जेल पहंुचेगी। बड़ी संख्या में आगंतुकों के मद्देनजर जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और मुलाकात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जेल अधीक्षक के अनुसार रक्षाबंधन के दिन मुलाकात का समय प्रातः 8 बजे से शाम 3 बजे तक निर्धारित रहेगा। राखी बांधने के लिए मुलाकात निर्धारित तिथि और समय के अनुसार ही कराई जाएगी। बंदी की बहन अथवा निकट महिला परिजन को मुलाकात के लिए आधार कार्ड सहित निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। जेल परिसर में प्रवेश से पहले सभी आगंतुकों की सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। जेल प्रशासन ने बहनों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच को अन्यथा न लें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। राखी बांधने की व्यवस्था जेल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही की जाएगी। मोबाइल फोन, कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को जेल परिसर के भीतर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आगंतुक अपने साथ केवल राखी और अधिकतम 100 ग्राम सूखी मिठाई ही ला सकेंगे। राखी एवं अन्य सामग्री की जेल सुरक्षा नियमों के अनुसार जांच की जाएगी। मुलाकात के दौरान किसी भी प्रकार की अनधिकृत वस्तु का आदान-प्रदान नहीं किया जाएगा। जेल अधीक्षक ने आगंतुकों से जेल कर्मचारियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है। जेल अधीक्षक ने आगंतुकों से निर्धारित समय से पूर्व पहुंचने और अपनी बारी की प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया है। विशेष परिस्थितियों में जेल प्रशासन द्वारा मुलाकात की प्रक्रिया एवं समय में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकता है। जेल अधीक्षक ने सभी आगंतुकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक सहयोग से रक्षाबंधन पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकेगा।

About The Author