1 से 15 सितंबर तक चलेगा साक्षरता पखवाड़ाहर नागरिक साक्षर बनेगा
रायगढ़, 31 अगस्त 2026/sns/- जिले में ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायगढ़ द्वारा 1 से 15 सितंबर तक साक्षरता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को साक्षर बनाना और ‘हर नागरिक साक्षर बनेगा, रायगढ़ विकसित बनेगा’ के संकल्प को साकार करना है। साक्षरता पखवाड़े के दौरान जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में अलग-अलग जागरूकता एवं सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत साक्षरता शपथ, असाक्षरों का घर-घर सर्वेक्षण, उल्लास मोबाइल ऐप के माध्यम से नामांकन तथा विद्यालय स्तर पर साक्षरता संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
शिक्षक दिवस से अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस तक होंगे विशेष कार्यक्रम
पखवाड़े के दौरान शिक्षक दिवस पर विशेष कार्यक्रम, साक्षरता चौपाल, कला, निबंध, गीत, वाद-विवाद एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। नवाचारी शिक्षण सामग्री प्रदर्शनी, वाचन दिवस, रेडियो जिंगल एवं लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। अभियान में व्यावसायिक एवं डिजिटल साक्षरता गतिविधियों, उल्लास मेला तथा हिंदी दिवस पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पखवाड़े के समापन अवसर पर समारोह एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
साक्षरता से बढ़ेगा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता
जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अनुसार अभियान को सफल बनाने में स्वयंसेवी शिक्षक, विद्यालय, सामाजिक संगठन, युवा, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और बेहतर जीवन के अवसर पैदा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने जिले के सभी नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे साक्षरता के इस महाअभियान से जुड़ें और अपने आसपास के असाक्षर लोगों को साक्षर बनाने में सहयोग करें। सामूहिक सहभागिता से ही साक्षर और विकसित रायगढ़ के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।