जनदर्शन में एडीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं
रायगढ़, 31 अगस्त 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट परिसर में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसील खरसिया के ग्राम बगडेवा निवासी 64 वर्षीय वृद्धा लालाराम राम गबेल ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण अब मजदूरी करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। ऐसे में पेंशन की राशि उनके लिए आर्थिक सहारे का महत्वपूर्ण माध्यम होगी। इसी तरह जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम पड़िगांव निवासी भागीरथी प्रधान, श्याम लाल खम्हारी और नित्यानंद प्रधान ने भी वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन सौंपा।
तहसील खरसिया के ग्राम कुर्रुभांठा निवासी उर्मिला यादव ने पड़ोसी द्वारा बनाए गए पक्के मकान से निकलने वाले पानी की निकासी को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि पड़ोसी के घर से निकलने वाला पानी उनके मकान की ओर आ रहा है, जिससे मकान को नुकसान पहुंच रहा है। समस्या का विरोध करने पर विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित समाधान की मांग की। क्षेत्र क्रमांक 7 राजपुर, जनपद पंचायत लैलूंगा के जनपद सदस्य श्री सदानंद निषाद ने ग्राम पंचायत बगुडेगा के लखनपारा मार्ग में कराए गए पुलिया निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण मद से निर्मित पुलिया अत्यंत स्तरहीन एवं गुणवत्ता विहीन है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पटेलपाली के ग्रामीणों ने गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो उप स्वास्थ्य केंद्र मौजूद हैं, लेकिन वहां पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को उपचार के लिए दूसरे स्थानों के अस्पतालों में जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने गांव में नियमित एवं पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। मां मंगला कॉलेज की छात्रा कुमारी जमुना पटेल ने कॉलेज प्रशासन द्वारा परीक्षा परिणाम और पंजीयन नहीं कराए जाने की शिकायत जनदर्शन में रखी। उन्होंने बताया कि उन्होंने निर्धारित नियमों के अनुसार पढ़ाई एवं परीक्षा पूरी कर ली है, लेकिन अब तक परिणाम और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इसके चलते उनकी आगे की पढ़ाई, नौकरी तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में शामिल होने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान की मांग की।
जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजनों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े अनेक आवेदन सौंपे। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।