एकलव्य विद्यालय के चार होनहारों का NIFT
सुकमा, 02 सितम्बर 2026/sns/- एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुकमा के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) UG 2026 में चयनित होकर विद्यालय और सुकमा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। लक्ष्मण बारसे ने (NIFT) UG के लिए छप्थ्ज् भोपाल, जबकि आशा रवा, ममता एवं अनिता बघेल ने B.F.Tech. के लिए NIFT रायपुर में प्रवेश प्राप्त किया है। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि को उनकी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और प्रभावी मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
NIFT प्रवेश प्रक्रिया के दौरान EMRS सुकमा ने विद्यार्थियों को आवेदन से लेकर परीक्षा तक लगातार मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (NESTS), जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा आवेदन शुल्क सहित परीक्षा से संबंधित अन्य व्यय वहन किया गया। वहीं, प्राचार्य के दिशा-निर्देशन में विद्यालय के शिक्षकों ने परीक्षा की तैयारी, आवेदन प्रक्रिया तथा परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग दिया, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करने का अवसर मिला।
इस गौरवपूर्ण सफलता में कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन, श्री हेमंत कुमार सिन्हा, सहायक आयुक्त, जनजातीय विकास विभाग सुकमा के विशेष सहयोग तथा प्राचार्य श्री राजीव डोगरा के कुशल नेतृत्व और EMRS सुकमा के समर्पित शिक्षकों के सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्राचार्य श्री राजीव डोगरा ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी सुकमा का नाम गौरवान्वित करेंगे।