युवा केवल उम्र नहीं, ऊर्जा और संकल्प का दूसरा नाम है रू विश्वविजय तोमर
सुकमा, 02 सितम्बर 2026/sns/- युवाओं में कौशल विकास, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं स्वरोजगार की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शबरी ऑडिटोरियम सुकमा में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ ही उन्हें साइबर अपराध से बचाव और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह की उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि ‘युवा उड़ान 2026’ का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। नवाचार के माध्यम से युवाओं में नई संभावनाओं को विकसित कर सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की अपनी-अपनी महत्वपूर्ण भूमिकाएं हैं। राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि युवा अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कौशल, अनुशासन और सकारात्मक सोच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। युवा अपनी क्षमता को पहचानकर नए क्षेत्रों में आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में गति मिलेगी।
साइबर अपराध से बचाव के लिए युवाओं को किया जागरूक
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने युवाओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन कॉल पर अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें। फोन पर मांगे जाने पर किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा न करें तथा अनजान नंबरों से व्हाट्सएप्प पर प्राप्त लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने युवाओं को साइबर अपराध के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की।
‘एक देश, एक चुनाव’ पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान ‘एक देश, एक चुनाव’ विषय पर भी चर्चा की गई। युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया तथा देश के विकास में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी जागरूक एवं सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में युवाओं को विभिन्न कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नवाचार एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय तोमर ने कहा कि युवा केवल उम्र का नाम नहीं है, बल्कि ऊर्जा, सोच, संकल्प और देश के लिए कुछ कर गुजरने की भावना का नाम है। उन्होंने कहा, “युवा वह नहीं जो जवान हो, युवा वह है जिसके हथेली में जान हो।” कार्यक्रम में कलेक्टर सहित विभिन्न अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ऊर्जावान युवाओं की मौजूदगी रही। श्री तोमर ने छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए युवाओं को मोबाइल की स्क्रीन पर आने वाले संदिग्ध संदेशों और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने, केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की जानकारी देने तथा विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए विभिन्न विषयों पर संवाद और चर्चा आवश्यक है।
श्री तोमर ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, इंजीनियरिंग संस्थानों और एयरपोर्ट सहित अनेक क्षेत्रों में विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। दंतेवाड़ा में भी मेडिकल कॉलेज की शुरुआत क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है, जहां स्थानीय बच्चे चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने नीट परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह बदलाव बताता है कि अवसर मिलने पर आदिवासी एवं दूरस्थ अंचलों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने नक्सलवाद से प्रभावित बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में हुए प्रयासों का भी उल्लेख किया। श्री तोमर ने राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव और सरगुजा-कोरबा की कबड्डी खिलाड़ी सजू देवी की उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग कर रही है। ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी नियुक्ति के साथ 20 लाख रुपये की सहायता तथा संजू देवी को विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को भी आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने, सकारात्मक सोच अपनाने और मोबाइल व सोशल मीडिया का सजगता से उपयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, एडीएम श्री शबाब खान सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।