सुशासन परिसर एवं पंचायत कैफे के निर्माण कार्यों की समीक्षा
सुकमा, 02 सितम्बर 2026/sns/- जिला पंचायत के सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सुशासन परिसर एवं पंचायत कैफे के निर्माण और प्रगति कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। श्री ठाकुर ने प्रगतिरत कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
केरलपाल में पंचायत कैफे बनकर तैयार, जल्द होगा शुभारंभ। बैठक में बताया गया कि केरलपला में पंचायत कैफे का निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुका है। जिला सीईओ ने कहा कि जल्द ही इसका औपचारिक शुभारंभ कर इसे आम नागरिकों को समर्पित किया जाएगा। पंचायत कैफे ग्रामीण क्षेत्र में स्थानीय खान-पान और बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक बैठक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जिला सीईओ श्री ठाकुर ने अधिकारियों और मैदानी अमले से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक निर्माण कार्य का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने तकनीकी सहायकों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा सचिवों को कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता विकास कार्यों की पहचान होनी चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार हो रहे सुशासन परिसर और पंचायत कैफे वास्तव में आमजन के लिए उपयोगी साबित हों।