सेवा सेतु से आसान हुई छात्रवृत्ति की राह, एक दिन में मिला आय प्रमाण पत्र

सुकमा, 04 सितम्बर 2026/sns/- जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम राकेल निवासी महेन्द्र कुमार बघेल, पिता श्री मंगड़ा, पीएम स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल, छिंदगढ़ में कक्षा 12वीं के छात्र हैं। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने के दौरान उन्हें आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ी। महेन्द्र ने छत्तीसगढ़ शासन की सेवा-प्रदाय व्यवस्था ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से तहसील कार्यालय छिंदगढ़ में आय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। डिजिटल माध्यम से आवेदन करने की सुविधा ने उनके लिए पूरी प्रक्रिया को सरल और सहज बना दिया।
महेन्द्र कुमार को आवेदन करने के महज एक दिवस के भीतर ही आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। प्रमाण पत्र समय पर मिल जाने से उन्होंने इसे अपने विद्यालय में जमा किया और छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सके। समय पर दस्तावेज उपलब्ध होने के कारण उनका छात्रवृत्ति का ऑनलाइन फॉर्म भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक जमा हो गया। सेवा सेतु के माध्यम से त्वरित सेवा मिलने से महेन्द्र को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबा इंतजार करने से राहत मिली।
 महेन्द्र कुमार बघेल ने छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन सुकमा एवं सेवा सेतु के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऑनलाइन आवेदन के बाद उन्हें बहुत कम समय में आय प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ, जिससे उनकी छात्रवृत्ति की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकी। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल एवं नागरिक-केंद्रित पहल सेवा सेतु ने शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों और विद्यार्थियों तक सरल, पारदर्शी एवं त्वरित तरीके से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह पहल विद्यार्थियों सहित जिले के नागरिकों के लिए शासन की सेवाओं को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

About The Author